हरिद्वार (शिखर समाचार)।
आगामी उर्स मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को कोतवाली कलियर परिसर में पुलिस-प्रशासन और उर्स मेला कमेटी के सदस्यों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद सुयाल ने की। इसमें उर्स मेला कमेटी के सदस्यों के साथ कलियर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि उर्स मेले में बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, सुचारु यातायात और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने मेला कमेटी के सदस्यों से अपील की कि सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू कराने में पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग करें, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण पर विशेष चर्चा
बैठक के दौरान यातायात डायवर्जन, पार्किंग स्थलों के निर्धारण, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मेला कमेटी ने प्रशासन को दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मेला कमेटी के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और मेले की सफलता के लिए सभी आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। बैठक में मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
