बिजनौर (शिखर समाचार): वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियां तेज, एक दिन में लगाए जाएंगे 76 लाख पौधे
डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने अभी तक वन विभाग की नर्सरियों से निर्धारित पौधे प्राप्त नहीं किए हैं, वे तत्काल पौध उठान कर सुरक्षित स्थानों पर उनका संरक्षण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 12 जुलाई को प्रत्येक विभाग पौधारोपण के साथ जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित करे और इसमें जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी तहसीलों, विकासखंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान में स्वयं सहायता समूहों, गैर सरकारी संगठनों, राष्ट्रीय सेवा योजना और राष्ट्रीय कैडेट कोर सहित विभिन्न संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
बिजनौर में 76 लाख पौधों का होगा रोपण, मेडिकल कॉलेज में होगा मुख्य कार्यक्रम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बैठक में प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग ने बताया कि प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 12 जुलाई को उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, जबकि बिजनौर जनपद में एक ही दिन में करीब 76 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान को चुनावी प्रबंधन की तर्ज पर संचालित किया जाएगा। इसके लिए उप जिलाधिकारियों को जोनल समन्वयक, तहसीलदारों को जोनल दंडाधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को सेक्टर दंडाधिकारी बनाया गया है।
वन विभाग की ओर से राजकीय मेडिकल कॉलेज, स्वाहेड़ी में मुख्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शासन ने सहकारिता विभाग के आयुक्त एवं निबंधक योगेश कुमार को बिजनौर जनपद का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
