हापुड़ (शिखर समाचार)। इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (आईआईए) के धीरखेड़ा हापुड़ चैप्टर के चेयरमैन पद पर पवन शर्मा को वर्ष 2026-27 के लिए पुनः नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल द्वारा की गई। पुनर्नियुक्ति की घोषणा के बाद क्षेत्र के उद्योगपतियों और उद्यमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2025-26 के कार्यकाल में पवन शर्मा ने उद्योग जगत की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े अनेक मुद्दों को शासन और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया गया, जिससे सकारात्मक परिणाम सामने आए। उद्यमियों के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एमएसएमई की समस्याओं के समाधान को बताया प्राथमिकता
पुनर्नियुक्ति पर पवन शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, आईआईए के वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा सभी उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है और वे पूरी निष्ठा के साथ उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में जनपद हापुड़ में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे रोजगार और राजस्व दोनों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि विद्युत आपूर्ति, सड़क, आधारभूत सुविधाएं, प्रशासनिक प्रक्रियाएं और विभिन्न विभागों से अनुमतियां मिलने जैसी समस्याएं अब भी उद्योगों के सामने प्रमुख चुनौती बनी हुई हैं।
बेहतर औद्योगिक माहौल और नए निवेश पर रहेगा फोकस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पवन शर्मा ने कहा कि उनके नए कार्यकाल की प्राथमिकता जनपद में उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना, एमएसएमई इकाइयों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराना तथा उद्योगों और प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना होगी। इसके साथ ही नए निवेश को प्रोत्साहित करना, स्थानीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाना और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने सभी उद्यमियों से आईआईए के माध्यम से एकजुट होकर उद्योगों के हितों की रक्षा और जनपद के औद्योगिक विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
