गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते चेकिंग अभियान के दौरान गांजा तस्करी में लिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 20 किलो 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। महिला की पहचान गीता देवी पत्नी रमन सिन्हा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ब्लॉक फ्रीहोल्ड, संगम विहार, थाना नंदग्राम क्षेत्र में रह रही थी, जबकि उसका स्थायी पता राजस्थान के जोधपुर जिले में है।
चेकिंग अभियान में महिला तस्कर गिरफ्तार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
थाना इंदिरापुरम पुलिस टीम साहिबाबाद मंडी के सामने नगर निगम पार्क के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर महिला को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 किलो 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पूछताछ में किए कई अहम खुलासे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से अवैध रूप से गांजा बेचने का काम कर रही थी। गांजा बेचकर प्राप्त होने वाली रकम से वह अपने शौक और मौज-मस्ती के खर्च पूरे करती थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह यह गांजा बिहार निवासी एक व्यक्ति मुन्ना से खरीदकर लाती थी, जो समय-समय पर उसे नशीले पदार्थ की आपूर्ति करता था। वह बरामद गांजे को बेचने के उद्देश्य से लेकर जा रही थी, लेकिन पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़ी गई।
पुराने मामलों की जांच, सप्लायर की तलाश जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
महिला पूर्व में भी एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों में जेल जा चुकी है। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले मुन्ना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। महिला के विरुद्ध थाना इंदिरापुरम में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी। महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके नेटवर्क के बारे में जांच की जा रही है।
