——-भाजपा के नारी शक्ति वंदन समारोह में महिलाओं का सम्मान, आत्मनिर्भरता और समान अवसर पर दिया जोर
हरिद्वार (शिखर समाचार)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से नारी शक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को समर्पित नारी शक्ति वंदन समारोह का आयोजन भूपतवाला स्थित वासुदेव आश्रम में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर महिलाओं ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर विजयश्री का आशीर्वाद दिया।
महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश के विकास की नई तस्वीर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक माना गया है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति, खेल, व्यापार, विज्ञान, कला, सामाजिक सेवा और उद्यमिता सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश की आधी आबादी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाएं आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त होंगी तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी मजबूत होगा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
नगर निगम हरिद्वार की महापौर किरण जैसल ने महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति भी है। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया।
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि हरिद्वार में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि आगामी कुंभ भी ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आशीर्वाद से प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो नेता दीपांशु विद्यार्थी ने किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष किशन बजाज, महामंत्री सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, देवेश ममगई, पार्षद आकाश भाटी, सुनीता शर्मा, सूर्यकांत शर्मा, अनिरुद्ध भाटी, जिला उपाध्यक्ष तरुण नय्यर, वीरेंद्र तिवारी, महेंद्र अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, आदर्श पांडेय, प्रीति गौड़, मुकेश कौशिक, आदित्य गौड़, अजीत कुमार, करण वर्मा, राजकुमार अरोड़ा, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, ललित नय्यर, मुनेश सैनी, गौरव वर्मा, श्याम पांडेय, सूरज गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
