देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज, 550 प्रतिष्ठानों के चालान

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Campaign Against Single-Use Plastic Intensified in Dehradun, Challans Issued to 550 Establishments IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

देहरादून (शिखर समाचार)। पर्यावरण संरक्षण और शहर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन का प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र के सभी 100 वार्डों में सघन कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

1776 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 550 के चालान

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने 50 क्षेत्र अधिकारियों की तैनाती की है। अधिकारियों की टीम अब तक शहर के 1776 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर चुकी है। निरीक्षण के दौरान 762 प्रतिष्ठानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण या वितरण पाए जाने पर कार्रवाई की गई। इनमें 550 प्रतिष्ठानों के चालान किए गए और 1.96 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

532 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर नष्ट

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

प्रवर्तन अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है। अब तक 532 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर नष्ट किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाना और आमजन एवं व्यापारियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

प्रशासन की ओर से नागरिकों और व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और बिक्री नहीं करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त देहरादून का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकेगा।

Share This Article
Leave a comment