जिलाधिकारी की पहल पर छह साल बाद विधवा महिला को मिला मकान पर कब्जा, वर्षों की परेशानी दूर

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
On the District Magistrate’s Initiative, Widow Woman Gets Possession of Her House After Six Years, Ending Years of Distress. IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मोदीनगर निवासी विधवा महिला अंजली को छह साल की लंबी परेशानी के बाद आखिरकार अपने मकान पर कब्जा मिल गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर प्रशासन ने मामले की जांच कराते हुए महिला को उसके मकान पर अधिकार दिलाया। कब्जा मिलने के बाद अंजली ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।

छह साल तक मकान के लिए भटकती रही विधवा महिला

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

कृष्णा नगर, गली नंबर-दो, मोदीनगर निवासी अंजली पत्नी स्वर्गीय अशोक कुमार ने बताया कि उनके पति का वर्ष 2015 में निधन हो गया था। वह अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए थे। अंजली के अनुसार, वर्ष 2020 में उनके जेठ ने मकान में शौचालय और स्नानघर बनवाने की बात कहकर उन्हें कुछ समय के लिए घर से भेज दिया था। जब वह बच्चों के साथ वापस लौटीं तो उन्हें मकान में प्रवेश और कब्जा नहीं लेने दिया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी, थाने और संबंधित अधिकारियों के चक्कर लगाए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

सितंबर में अंजली ने जिलाधिकारी के समक्ष जनसुनवाई के दौरान अपनी शिकायत रखी। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच की, महिला से पूछताछ की और उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण किया। इसके बाद प्रशासन ने उन्हें मकान पर कब्जा दिलाया।

प्रशासनिक पहल से मिला मकान पर अधिकार, जताया आभार

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

अंजली ने भावुक होकर कहा कि जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुना और उन्हें राहत दिलाई। उन्होंने जिलाधिकारी को गरीबों और जरूरतमंदों का सहारा बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी धन्यवाद किया। उनका कहना था कि संवेदनशील प्रशासनिक पहल से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद पूरी हुई है। मकान पर कब्जा दिलाने के दौरान उपजिलाधिकारी सदर अजीत कुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद, तहसीलदार और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment