गाजियाबाद (शिखर समाचार)। राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सलाह, सहमति और समझौते के माध्यम से त्वरित एवं सस्ता न्याय उपलब्ध कराने का सशक्त मंच है। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026 को गाजियाबाद जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में किया जाएगा। अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के उद्देश्य से इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी जितेन्द्र मिश्रा की अध्यक्षता तथा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. दिनेश शुक्ला और अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश लोकेश वरुण के मार्गदर्शन में तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
12 सितंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
बैठक में तहसीलदार, नगर निगम, विद्युत विभाग, आबकारी विभाग, परिवहन विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पिछली लोक अदालत की अपेक्षा इस बार अधिक से अधिक मामलों का चिन्हांकन कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन को लोक अदालत के माध्यम से विवादों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।
अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
राष्ट्रीय लोक अदालत त्रैमासिक विधिक सेवा कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आमजन को सुलभ, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। इसमें आपसी सहमति और समझौते के आधार पर विवादों का प्रभावी समाधान किया जाता है। अधिकारियों से अपील की गई कि पात्र मामलों को अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत के लिए चिह्नित कर समयबद्ध तरीके से निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
