गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर निगम द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा और सुविधा के लिए आयोजित कांवड़ शिविर का भव्य समापन मंगलवार को विधि विधान के साथ कर दिया गया है। समापन अवसर पर महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शिवभक्तों को प्रसाद वितरित कर उनकी सेवा की। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और पार्षदगण मौजूद रहे। कार्यक्रम में श्रद्धा, सेवा और स्वच्छता का विशेष संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा विधिवत शिवपूजन से हुई। उन्होंने भगवान शंकर-महादेव को भोग अर्पित किया और इसके बाद शिवभक्तों को प्रसाद वितरित किया। शिविर के समापन अवसर पर मौजूद श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ कांवड़ यात्रा के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए प्रसन्नता व्यक्त की।
नगर निगम द्वारा इस बार कांवड़ शिविर को प्लास्टिक मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। शिवभक्तों को भोजन एवं प्रसाद वितरण के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, निगम के शिविर के साथ-साथ शहर में आयोजित अन्य कांवड़ शिविरों में भी प्लास्टिक के उपयोग से बचने की पहल सराहनीय रही। इससे कांवड़ यात्रा के धार्मिक स्वरूप के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी आमजन तक पहुंचा। नगर निगम लगातार शहरवासियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक कर रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान भी निगम की ओर से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक बहिष्कार को लेकर श्रद्धालुओं तथा आम नागरिकों को जागरूक किया गया। अधिकारियों का कहना है कि शहरवासियों की सहभागिता से ही प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ गाजियाबाद के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
प्लास्टिक मुक्त कांवड़ शिविर से दिया स्वच्छता का संदेश
समापन अवसर पर महापौर सुनीता दयाल ने सभी शिवभक्तों, निगम अधिकारियों, पार्षदों और सफाई मित्रों को कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन एवं समापन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाए रखने में नगर निगम की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सफाई मित्रों से लेकर अधिकारियों तक सभी ने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
नगर निगम टीम के कार्यों की महापौर ने की सराहना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
महापौर और नगर आयुक्त ने उपस्थित पार्षदों एवं निगम अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हजारों-लाखों शिवभक्तों की सुविधा के लिए दिन-रात काम करने वाले नगर निगम के कर्मचारियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा। सफाई व्यवस्था, मार्गों की निगरानी, शिविरों की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर निगम की टीम लगातार सक्रिय रही। कांवड़ यात्रा के सफल समापन के साथ नगर निगम के शिविर में सेवा, श्रद्धा और स्वच्छता का संदेश भी मजबूती से सामने आया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आयोजनों को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में प्रशासन के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। निगम अधिकारियों ने सभी शिवभक्तों और शहरवासियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
