नई दिल्ली (शिखर समाचार)। डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) और इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन (आईएसएसओ) ने देश के अंतरराष्ट्रीय स्कूलों में गोल्फ को बढ़ावा देने और विकसित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
विद्यार्थियों को गोल्फ से जोड़ने पर रहेगा फोकस
इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों को गोल्फ से जोड़ना, जमीनी स्तर पर भागीदारी बढ़ाना, प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें पेशेवर गोल्फ के अवसरों से परिचित कराना है। समझौते के तहत डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई, आईएसएसओ से जुड़े स्कूलों को तकनीकी विशेषज्ञता, प्रमाणित प्रशिक्षक, पेशेवर गोल्फरों का मार्गदर्शन, गोल्फ की बुनियादी जानकारी और शिष्टाचार संबंधी कार्यशालाएं तथा जूनियर गोल्फ विकास कार्यक्रमों में सहयोग देगा।
साझेदारी से विद्यार्थियों को मिलेंगे बेहतर अवसर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
आईएसएसओ की निदेशक आकांक्षा थापक ने कहा कि गोल्फ ऐसा खेल है जो अनुशासन, धैर्य, ईमानदारी और एकाग्रता जैसे मूल्यों को विकसित करता है। उन्होंने कहा कि डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को सीखने, प्रतिस्पर्धा करने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
वहीं डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जोहल ने कहा कि स्कूल स्तर पर गोल्फ को बढ़ावा देना खेल के दीर्घकालिक विकास और प्रतिभा निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह पहल अधिक युवाओं को गोल्फ अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
आईएसएसओ और पीजीटीआई की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
आईएसएसओ, इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएफ) से मान्यता प्राप्त संस्था है और स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) से संबद्ध है। वहीं प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया भारत में पुरुष पेशेवर गोल्फ की आधिकारिक संस्था है।
संस्था का डीपी वर्ल्ड टूर के साथ रणनीतिक गठबंधन है तथा इसके आयोजनों में ऑफिशियल वर्ल्ड गोल्फ रैंकिंग (ओडब्ल्यूजीआर) अंक भी दिए जाते हैं। संस्था के अध्यक्ष महान क्रिकेटर कपिल देव हैं।
