गाजियाबाद (शिखर समाचार)|
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को आयोजित नीलामी में विभिन्न योजनाओं की कुल 27 संपत्तियों को बेचकर लगभग 154.76 करोड़ रुपये की आय अर्जित की। यह नीलामी लोहिया नगर स्थित हिन्दी भवन में हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और विभिन्न योजनाओं के भूखंडों पर जमकर बोली लगी।
जीडीए ने कई प्रमुख योजनाओं के विविध भूखंड नीलामी में शामिल किए
जीडीए की ओर से इंदिरापुरम योजना, इंदिरापुरम विस्तार योजना, कौशांबी योजना, यूपी बॉर्डर, इन्द्रप्रस्थ योजना, पटेल नगर योजना और मधुबन बापूधाम योजना की संपत्तियों को नीलामी में शामिल किया गया था। इनमें व्यावसायिक भूखंड, आवासीय भूखंड, बैंक भूखंड, कन्वीनियंट शॉपिंग भूखंड, दुकान भूखंड, औद्योगिक भूखंड, सीएनजी फिलिंग स्टेशन भूखंड और कियोस्क भूखंड शामिल थे।
जीडीए नीलामी में भारी राजस्व: इंदिरापुरम और अन्य योजनाओं के भूखंडों से कुल करोड़ों की आय
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ghaziabad-is-changing-with-modern-technology/
नीलामी में इंदिरापुरम योजना के 4 कन्वीनियंट शॉपिंग भूखंडों से 7.85 करोड़ रुपये, 2 व्यावसायिक भूखंडों से 57.56 करोड़ रुपये, इंदिरापुरम विस्तार योजना ब्लॉक ए के 8 आवासीय भूखंडों से 60.36 करोड़ रुपये, कौशांबी योजना ब्लॉक ए के 5 आवासीय भूखंडों से 7.05 करोड़ रुपये, यूपी बॉर्डर के 1 दुकान भूखंड से 27.50 लाख रुपये, इन्द्रप्रस्थ योजना पाकेट एच के 3 व्यावसायिक भूखंडों से 3.63 करोड़ रुपये, इन्द्रप्रस्थ योजना पाकेट बी के 1 औद्योगिक भूखंड से 2.18 करोड़ रुपये, पटेल नगर योजना ब्लॉक डी के 1 कियोस्क भूखंड से 1.07 करोड़ रुपये, मधुबन बापूधाम योजना के 1 बैंक भूखंड से 9.35 करोड़ रुपये और सीएनजी फिलिंग स्टेशन भूखंड से 5.42 करोड़ रुपये की आय हुई। पूरी नीलामी उच्चतम बोली के आधार पर संपन्न हुई। जीडीए को उम्मीद है कि इन संपत्तियों की बिक्री से प्राप्त आय से शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी। कार्यक्रम में जीडीए के अधिकारी, लेखाकार, पुलिस कर्मी और प्रतिभागी मौजूद रहे।
