जीडीए की बड़ी कार्रवाई, सिद्धार्थ विहार के डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी ध्वस्त, प्रताप विहार में कब्जा भी कराया मुक्त

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Major Action by GDA: Illegal Colony in Siddharth Vihar Flood Zone Demolished, Encroachment in Pratap Vihar Also Removed IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिद्धार्थ विहार के डूब क्षेत्र में विकसित अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। साथ ही प्रताप विहार स्थित बुद्ध विहार सेक्टर-12 में एक भवन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आईएएस नंदकिशोर कलाल के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में की।

सिद्धार्थ विहार के डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

प्राधिकरण के अनुसार सिद्धार्थ विहार के डूब क्षेत्र में लगभग 20 हजार वर्गमीटर भूमि पर अवैध प्लाटिंग और निर्माण किए गए थे। अभियान के दौरान हिंडन नदी के समीप विकसित अवैध प्लाटिंग, चारदीवारी, अवैध बिल्डर कार्यालय तथा अन्य छोटे-बड़े अनधिकृत निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।

इसके अलावा बुद्ध विहार, सेक्टर-12, प्रताप विहार स्थित भवन संख्या बी-140 को भी अनधिकृत कब्जे से मुक्त कराकर प्राधिकरण के नियंत्रण में लिया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान कॉलोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए अभियान जारी रखा। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन शाखा का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल तथा प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा।

अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

उपाध्यक्ष आईएएस नंदकिशोर कलाल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जीडीए ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण, अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

आगामी माह में भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment