हापुड़ (शिखर समाचार)। सावन माह की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में मजिस्ट्रेटों एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ मार्ग की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा
जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी नियुक्त मजिस्ट्रेटों एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने सेक्टर में 24 घंटे भ्रमणशील रहें तथा ड्यूटी चार्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के साथ संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार शिविरों की पर्याप्त व्यवस्था रहे। कूड़ा निस्तारण के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाई जाए तथा मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न रहने दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने अवैध वसूली, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले डीजे तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और नियंत्रण कक्ष को लगातार सक्रिय रखते हुए किसी भी घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
