खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 686 किलोग्राम टमाटर कैचप सीज, पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Major Action by Food Safety Department; 686 Kg Tomato Ketchup Seized, Samples of Five Food Items Sent for Testing IMAGE CREDIT TO खाद्य विभाग

हापुड़ (शिखर समाचार)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में मिलावटी एवं मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान धौलाना स्थित एक खाद्य इकाई में कार्रवाई करते हुए लगभग 686 किलोग्राम टमाटर कैचप सीज कर दिया गया।

इसके अलावा चीज सॉस, टमाटर कैचप, मिश्रित फल जैम तथा कलौंजी टमाटर की चटनी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

डेंगी एग्रो फूड इंडस्ट्रीज में हुई कार्रवाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय चन्द्र शेखर मिश्र ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त के निर्देश और जिलाधिकारी कविता मीना के मार्गदर्शन में गठित सचल दल ने यह कार्रवाई की।

अभियान के तहत यूपीएसआईडीसी फेज-2, धौलाना स्थित डेंगी एग्रो फूड इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टमाटर कैचप और चीज ड्रेसिंग का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही करीब एक लाख रुपये मूल्य का 686 किलोग्राम टमाटर कैचप सीज कर विधिक कार्रवाई की गई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

चन्द्र शेखर मिश्र ने बताया कि इससे पूर्व सोमवार को दिल्ली रोड स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड (स्मार्ट प्वाइंट) से भी चीज सॉस, टमाटर कैचप, मिश्रित फल जैम तथा कलौंजी टमाटर की चटनी के एक-एक नमूने लिए गए थे। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहित कुमार, विपिन कुमार सिंह और राम प्रकाश गंगवार शामिल रहे।

Share This Article
Leave a comment