बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। गठवाला खाप के थाम्बेदार बाबा श्याम सिंह बहावड़ी ने छपार टोल प्रकरण को लेकर प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि 21 जून तक मामले का कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो 28 जून को छपार टोल पर विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी।
प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप
बुधवार को ब्लॉक परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बाबा श्याम सिंह बहावड़ी ने बताया कि टोल पर विनोद मलिक को जारी किए गए नोटिस के संबंध में उन्होंने उच्च अधिकारियों से मुलाकात की थी। इस दौरान अधिकारियों ने 18 जून तक मामले के निस्तारण का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय सीमा बीतने के बाद भी समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और टोल कंपनी के बीच हुए समझौते के अनुसार प्रकरण के समाधान तक टोल को निशुल्क रखा जाना था, लेकिन कंपनी लगातार नियमों की अनदेखी कर टोल वसूली कर रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।
महापंचायत की चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बाबा श्याम सिंह ने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के चलते अब खाप ने आर-पार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 21 जून तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 28 जून को छपार टोल पर महापंचायत आयोजित कर आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक, राष्ट्रीय लोकदल के नेता तथा विभिन्न गांवों के प्रधान भी मौजूद रहे।
