गाजियाबाद (शिखर समाचार)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गाजियाबाद पुलिस ने देशभक्ति और सुरक्षा का संदेश एक साथ दिया। कौशांबी थाना क्षेत्र में सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, वहीं साहिबाबाद क्षेत्र में बीडीडीएस, एएस चेक टीम और डॉग स्क्वाड के साथ मॉल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना के नेतृत्व में चलाया गया। दोनों अभियानों के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ लोगों से राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया।
तिरंगा यात्रा में गूंजे भारत माता की जय के नारे
कौशांबी में निकाली गई तिरंगा यात्रा थाना कौशांबी से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के नेतृत्व में निकली यात्रा में पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय नागरिक, गणमान्य व्यक्ति और डिजिटल वॉलिंटियर्स फोर्स के सदस्य शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। यात्रा के दौरान पुलिस टीम ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं स्वतंत्रता दिवस को लेकर साहिबाबाद थाना क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा गया। सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना ने पुलिस टीम के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीडीडीएस टीम, एएस चेक टीम, डॉग स्क्वाड और थाना साहिबाबाद पुलिस मौजूद रही। टीमों ने मॉल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहनता से जांच की।

प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ाई निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
चेकिंग के दौरान पुलिस ने प्रतिष्ठानों के अंदर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। संदिग्ध गतिविधि या वस्तु मिलने पर तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए। एसीपी ने प्रतिष्ठान संचालकों और पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस की ओर से प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। तिरंगा यात्रा और सघन चेकिंग अभियान के जरिए पुलिस ने जहां नागरिकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत किया, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
