सहारनपुर (शिखर समाचार)। थाना सदर बाजार क्षेत्र में पुलिस विभाग के वर्ष 2016 बैच के कांस्टेबल रिंकू की पत्नी सरिता की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गनशॉट इंजरी से होना प्रतीत हो रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार गोली कांस्टेबल रिंकू की सरकारी इंसास राइफल से चली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कांस्टेबल रिंकू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। वहीं, फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
पारिवारिक विवाद की बात सामने आई
पुलिस के मुताबिक, मृतका के परिजनों ने दंपति के बीच पहले से पारिवारिक विवाद होने की जानकारी दी है। हालांकि, गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करने की बात कह रही है।
सरकारी इंसास राइफल भी जांच के दायरे में
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कांस्टेबल रिंकू वर्तमान में पुलिस लाइन से संबद्ध था और एंटी माइनिंग टास्क फोर्स में ड्यूटी पर तैनात था। घटना के बाद पुलिस ने सरकारी हथियार को भी जांच के दायरे में लिया है। फिलहाल कांस्टेबल पुलिस हिरासत में है और उससे घटना को लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
