गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांसहिंडन धवल जायसवाल ने थाना मधुबन बापूधाम क्षेत्र के अंतर्गत कांवड़ मार्ग एवं विभिन्न कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात संचालन, प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कांवड़ मार्ग और शिविरों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने कांवड़ मार्ग पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें और कंट्रोल रूम से उनकी लगातार निगरानी की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। धवल जायसवाल ने कांवड़ मार्ग पर लगाए गए शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर संचालकों से बातचीत कर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं।
यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए डीसीपी ने मुख्य कांवड़ मार्ग के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधा के लिए बनाए गए वैकल्पिक मार्गों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैकल्पिक मार्गों पर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कांवड़ यात्रा के कारण शहर के अन्य हिस्सों में अनावश्यक जाम की स्थिति न बने। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और ट्रैफिक डायवर्जन का प्रभावी पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।
प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे प्रकाश व्यवस्था की भी जांच की गई। डीसीपी ने कहा कि रात्रि के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त रोशनी रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जहां भी प्रकाश व्यवस्था में कमी हो, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करें। पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा के दौरान हर स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि कांवड़ियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
