जिला जज, डीएम और एसपी ने डासना जेल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
District Judge, DM and SP Conduct Surprise Inspection of Dasna Jail, Review Arrangements IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हापुड़ (शिखर समाचार)। जिला जज अजय कुमार सिंह प्रथम, जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मंगलवार को डासना स्थित जिला कारागार का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पुरुष और महिला बंदी बैरकों, भोजनालय तथा अस्पताल का जायजा लिया। बैरकों और भोजनालय में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने रसोईघर में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली और अस्पताल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं को भी परखा।

बंदियों से संवाद कर सुविधाओं की ली जानकारी

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से सीधे संवाद किया, उनका हालचाल जाना तथा जेल में मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने ऐसे बंदियों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली, जिनके पास अपने मुकदमे की पैरवी के लिए अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि ऐसे बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से नियमानुसार निशुल्क कानूनी सहायता और पैरवी उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान बंदियों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की समीक्षा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को कारागार की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने साफ-सफाई, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित कारागार के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment