—–सिक्किम के नाथुला दर्रे से होकर 21 दिनों में पूरी होगी दिव्य यात्रा, जीडीए ने दीं विश्वस्तरीय सुविधाएं
आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार )।
इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन से सोमवार को कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के प्रथम दल का अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के बीच भव्य प्रस्थान हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों के दल को रवाना किया। इस मौके पर बीजेपी महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल भी विशेष रूप से मौजूद रहे। यात्रा के लिए पंजीकृत कुल 50 श्रद्धालुओं में से मेडिकल जांच के बाद 47 यात्री पूरी तरह फिट पाए गए, जिन्हें लाइजन ऑफिसर, आईटीबीपी के जवानों और मेडिकल टीम के साथ विशेष बस द्वारा एयरपोर्ट भेजा गया।
भक्ति और उल्लास में सराबोर हुआ परिसर
प्रस्थान समारोह के दौरान कैलाश मानसरोवर भवन परिसर पूरी तरह शिवमय नजर आया। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा श्रद्धालुओं की विदाई को यादगार बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। परिसर में भजन कीर्तन, शिव स्तुति, ढोल नगाड़ों और ताशों की मंगलध्वनि के बीच श्रद्धालु झूमते नजर आए। हर हर महादेव, बम बम भोले और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। बसों में सवार होने से पहले सभी यात्रियों ने परिसर के मंदिर में पूजा अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
इस भव्य विदाई समारोह के दौरान जीडीए के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन और अधिशासी अभियंता योगेश पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी व संयुक्त सचिव (धर्मार्थ कार्य निदेशालय) विश्व भूषण मिश्रा सहित कई अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
यात्रियों को मिलीं विश्वस्तरीय सुविधाएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
कैलाश मानसरोवर भवन में यात्रियों के पांच दिवसीय प्रवास के दौरान जीडीए द्वारा रहने खाने की शानदार व्यवस्था की गई। यात्रियों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों के अनुकूल ढालने के लिए योग व प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही सात्विक भोजन, चौबीसों घंटे एम्बुलेंस व मेडिकल सपोर्ट और आध्यात्मिक साहित्य उपलब्ध कराया गया। श्रद्धालुओं ने इस बेहतरीन आतिथ्य और सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जीडीए की टीम का आभार जताया।

21 दिन की होगी दिव्य यात्रा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/bank-of-baroda-celebrate-118th-foundation-day/
कैलाश मानसरोवर यात्रा का यह पहला दल सिक्किम स्थित नाथुला दर्रे के रास्ते भगवान शिव के पवित्र धाम पहुंचेगा। 21 दिनों की इस अलौकिक यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु कैलाश पर्वत की पवित्र परिक्रमा भी करेंगे। जीडीए प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की है।
