हापुड़ (शिखर समाचार)। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में 17 मई से 23 मई 2026 तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ के उपलक्ष्य में शनिवार को शहर में भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
श्रीराम कथा की तैयारियों के तहत निकली मंगल कलश यात्रा
संस्थान से जुड़ी साध्वी श्वेता भारती ने बताया कि कथा कार्यक्रम प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक अर्जुन नगर के सामने स्थित ग्राउंड, कांति प्रसाद धर्मशाला के निकट, स्वर्ग आश्रम रोड पर आयोजित किया जाएगा। कथा व्यास के रूप में डॉ. सर्वेश्वर उपस्थित रहेंगे।
मंगल कलश यात्रा का शुभारंभ गोपाल वाटिका, फ्रीगंज रोड से प्रातः 10 बजे हुआ। यात्रा का उद्घाटन विधायक विजय पाल आढ़ती ने किया। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई। नगर के विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
धार्मिक माहौल में संपन्न हुई यात्रा, नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजन के साथ प्रारंभ हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा संचालित “बोध-नशा उन्मूलन अभियान” के माध्यम से लोगों को नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया। संकल्प मुहिम के तहत स्वस्थ, संयमित और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर स्वामी नरेशानंद, साध्वी वसुधा भारती, दीपक, सुधांशु महेश्वरी, प्रीति महेश्वरी, अरुण अग्रवाल, रचना अग्रवाल, अशोक छारिया, सुधीर, पुनीत, रोहित गर्ग, संदीप बाबा, डॉ. शशि, डॉ. आभा त्यागी और डॉ. गीता सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। संस्थान पदाधिकारियों ने बताया कि दिव्य ज्योति जागृति संस्थान का मुख्य उद्देश्य सनातन ब्रह्मज्ञान के माध्यम से विश्व शांति की स्थापना करना है।
