——-एक तरफ ढिलाई पर गिरी गाज, दूसरी तरफ बुनकर मार्ट-कम-एक्सपो सेंटर की तेज रफ्तार देख थपथपाई पीठ
आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के ड्रीम प्रोजेक्ट्स को धरातल पर समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ उतारने के लिए जीडीए उपाध्यक्ष आईएएस नंद किशोर कलाल पूरी तरह एक्शन मोड में उतर आए हैं। विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए वीसी मधुबन-बापूधाम योजना पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन नवीन प्रशासनिक कार्यालय भवन और बुनकर मार्ट-कम-एक्सपो एवं कन्वेंशन सेंटर की साइट्स का गहन स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर फाइलों से इतर जमीनी हकीकत देखकर उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के पसीने छुड़ा दिए। एक तरफ जहां प्रशासनिक भवन के निर्माण में भारी सुस्ती और मानकों की अनदेखी पर वीसी का गुस्सा फूटा, वहीं दूसरी ओर बुनकर मार्ट प्रोजेक्ट की तेज रफ्तार पर उन्होंने पूरी टीम की पीठ थपथपाई।
दफ्तर निर्माण में मनमानी देख बिफरे वीसी, ठेकेदार पर कानूनी शिकंजे की तैयारी
जीडीए के नए प्रशासनिक कार्यालय भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की अपेक्षित गति नदारद मिली। कार्य निष्पादन में बरती जा रही गंभीर शिथिलता और लापरवाही को देखकर जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बेहद तल्ख रुख अख्तियार किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं और अधिकारियों को दो-टूक निर्देशित किया कि सरकारी परियोजनाओं में देरी और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। वीसी ने सख्त लहजे में आदेश दिए कि कार्य में हीलाहवाली के लिए सीधे तौर पर उत्तरदायी ठेकेदार के विरुद्ध अनुबंध (एग्रीमेंट) की शर्तों के तहत तत्काल प्रभाव से नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पेंडिंग कामों की विस्तृत समीक्षा, ‘क्वालिटी से समझौता नहीं’ का सख्त संदेश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वीसी ने मौके पर ही परियोजना से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय भवन के सभी पेंडिंग कार्यों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधूरे पड़े कामों को प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। नंद किशोर कलाल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि विकास कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता में अगर एक फीसदी की भी खामी पाई गई, तो संबंधित अफसरों की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बुनकर मार्ट-कम-एक्सपो सेंटर के काम ने जीता दिल, टीम की हुई खुली तारीफ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
कार्यालय भवन के बाद जीडीए उपाध्यक्ष ने मधुबन-बापूधाम में ही आकार ले रहे महत्वाकांक्षी बुनकर मार्ट-कम-एक्सपो एवं कन्वेंशन सेंटर के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। यहां ग्राउंड पर काम की रफ्तार तेज मिली और निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार आगे बढ़ता दिखा। प्रोजेक्ट की शानदार प्रगति और साइट पर मुस्तैदी देखकर वीसी ने संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं और पूरी निर्माण टीम के प्रयासों की जमकर सराहना की।
लगातार होगी ग्राउंड मॉनिटरिंग, डेडलाइन से पहले काम पूरा करने का अल्टीमेटम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बुनकर मार्ट परियोजना के निरीक्षण के अंत में वीसी नंद किशोर कलाल ने निर्देश दिए कि काम की यह सकारात्मक गति लगातार बरकरार रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परियोजना क्षेत्र के बुनकरों, हस्तशिल्पियों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए यह केंद्र गेम-चेंजर साबित होगा, इसलिए इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। काम में पारदर्शिता और गति बनाए रखने के लिए उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार साइट पर जाकर इसकी निगरानी करें, ताकि प्रोजेक्ट बिना किसी रुकावट के तय समय पर शहरवासियों को समर्पित किया जा सके।
