हरिद्वार (शिखर समाचार)। नवरात्र पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार, 11 अक्टूबर को चंडीघाट, श्यामपुर, कोंड़ी, गैंडीखाता और लालढंग में किराना दुकानों तथा खुदरा बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुट्टू आटे के दो और व्रत में इस्तेमाल होने वाले काले नमक का एक नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पैकेट पर जरूरी जानकारी की जांच के दौरान संबंधित कारोबारियों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए तीन नमूने, कंपनियों को नोटिस
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुल तीन खाद्य नमूने लिए गए। काला नमक बनाने वाली निर्माता कंपनी को पैकेट पर निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि अंकित नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं, काला नमक की आपूर्ति करने वाले विक्रेता को बिक्री बिल संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं करने पर नोटिस दिया गया। कुट्टू आटा बनाने वाली एक कंपनी को पैकेट पर ऐसे स्वास्थ्य संबंधी दावे करने के मामले में नोटिस जारी किया गया, जिनसे ग्राहकों के भ्रमित होने की आशंका है।
दुकानों पर नहीं मिला खुला कुट्टू आटा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विभागीय टीम को निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकान पर खुला कुट्टू आटा बिकता नहीं मिला। अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी कि बिना निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि अंकित किए कुट्टू आटा या अन्य फलाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कारोबारियों से खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग, लेबल और बिक्री संबंधी नियमों का पालन करने को कहा।
