मोदीनगर (शिखर समाचार)। भारतीय किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले नीट परीक्षा पेपर लीक, रसोई गैस, पेट्रोल डीजल एवं सीएनजी की बढ़ती कीमतों सहित विभिन्न मांगों को लेकर सैकड़ों लोगों ने तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
बैलगाड़ी से पहुंचे प्रदर्शनकारी, तहसील पर दिया धरना
मोर्चा के अध्यक्ष बबली गुर्जर, महिला अध्यक्ष नीरज प्रजापति और राहुल गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग बैलगाड़ी पर सवार होकर तहसील मुख्यालय पहुंचे। वहां उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठकर उन्होंने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
NEET पेपर लीक और महंगाई पर तीखा विरोध
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/focus-on-security-and-environmental-balance/
बबली गुर्जर ने कहा कि देश की प्रतिष्ठित नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होना अत्यंत गंभीर मामला है। इससे लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने बढ़ती महंगाई पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ने से किसान, मजदूर और आम जनता आर्थिक संकट का सामना कर रही है। उन्होंने सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की।
जर्जर सड़क और प्रशासनिक आश्वासन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
धरने के दौरान सीकरी कलछीना पिलखुवा मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी अजीत कुमार सिंह ने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को मौके पर बुलाकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता कराई। विभागीय अधिकारी ने आश्वासन दिया कि सोमवार से मार्ग पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत गड्ढे भरने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार से कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे सड़क पर बैठकर आंदोलन तेज करेंगे। बाद में मांगों से संबंधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा गया।
धरना-प्रदर्शन में निर्दोष खटाना, हरेंद्र शर्मा, राहुल जाटव, सभासद प्रवीण गुर्जर, गुलाब सिंह, नवीन जैन, तिलक राज अधाना, बलबीर भड़ाना, सुनीता, पिंकी, ललिता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
