हापुड़ (शिखर समाचार)। जनपद की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा एक अनूठी पहल की गई है। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ब्रजघाट की मनमोहक तस्वीरों को कलेक्ट्रेट परिसर की दीवारों पर उकेरा गया है, वहीं ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत पिलखुवा में निर्मित बेडशीटों पर भी ब्रजघाट की आकर्षक छवि को स्थान दिया गया है।
जिलाधिकारी कविता मीना ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले लोगों को ब्रजघाट के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देने के लिए यह पहल की गई है। इससे जनपद की पहचान को मजबूती मिलेगी और लोगों में धार्मिक पर्यटन के प्रति रुचि भी बढ़ेगी।
ब्रजघाट की छवियों से सजेगा कलेक्ट्रेट परिसर
उन्होंने बताया कि पिलखुवा की प्रसिद्ध हस्तनिर्मित बेडशीटों पर ब्रजघाट की सुंदर तस्वीरें छापकर स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने का प्रयास किया गया है। इससे न केवल स्थानीय कारीगरों की कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी बल्कि उनके उत्पादों के लिए नए बाजार भी तैयार होंगे।
डीएम ने कहा कि यह नवाचार ब्रजघाट के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा। ओडीओपी योजना के माध्यम से जनपद के विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
