ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में मंगलवार रात इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने संयुक्त रात्रिकालीन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की कार्यप्रणाली, प्रकाश की तीव्रता तथा जिन स्थानों पर अभी प्रकाश व्यवस्था अधूरी है, उनका जायजा लिया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शेष स्थानों पर शीघ्र विद्युत पोल और स्ट्रीट लाइटें लगाकर पूरे औद्योगिक क्षेत्र को प्रकाशमय बनाया जाएगा।
प्रवेश द्वारों पर विकसित होगी आकर्षक सजावटी लाइटिंग
आईबीए के अध्यक्ष अमित उपाध्याय के नेतृत्व में हुए निरीक्षण में प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी अभिषेक पाठक, वरिष्ठ प्रबंधक अजीतभाई पटेल, प्रबंधक विपिन कुमार और तकनीकी अधिकारी नेत्रपाल मौजूद रहे। चौगानपुर गोलचक्कर से घंटा चौक और घंटा चौक से पुलिस लाइन मार्ग तक निरीक्षण कर प्रकाश व्यवस्था की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया गया। साथ ही जहां पेड़ों की शाखाएं रोशनी में बाधा बन रही हैं, वहां उनकी छंटाई कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि ईकोटेक-3 के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर आकर्षक सजावटी प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक और सुरक्षित बनाने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अमित उपाध्याय ने कहा कि आईबीए केवल समस्याएं उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राधिकरण के साथ समन्वय कर उनके स्थायी समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि शीघ्र ही ईकोटेक-3 आधुनिक, सुरक्षित और पूर्णतः प्रकाशयुक्त औद्योगिक क्षेत्र के रूप में नई पहचान बनाएगा। वहीं प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. ने कहा कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों में विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्य तेजी से पूरे कराए जा रहे हैं।
