ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को तहसील दादरी स्थित सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर की ओर से किशोरियों के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा कानूनी सहायता की जानकारी देकर उन्हें जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना रहा।
पॉक्सो अधिनियम और निःशुल्क विधिक सहायता पर किया गया जागरूक
कार्यक्रम में छात्राओं को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों, शिक्षा के अधिकार, सुरक्षा के अधिकार तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पॉक्सो अधिनियम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने छात्राओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, भेदभाव अथवा हिंसा की स्थिति में कानूनी सहायता लेने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कानूनी जागरूकता को बताया आवश्यक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विद्यालय के अध्यक्ष संदीप शर्मा तथा प्रधानाचार्या डॉ. आशा शर्मा ने ऐसे कार्यक्रमों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास और कानूनी जागरूकता के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के नामित पराविधिक स्वयंसेवक बालचंद नागर, रोहताश सिंह और सतपाल सहित विद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
