शामली (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी आलोक यादव ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शामली का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
आपातकालीन कक्ष से लेकर लैब तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपातकालीन कक्ष, बाह्य रोगी विभाग, एक्स-रे कक्ष, टीकाकरण कक्ष, प्रसव कक्ष, पैथोलॉजी प्रयोगशाला, स्वास्थ्य एटीएम मशीन, शीत श्रृंखला कक्ष तथा शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, मरीजों के उपचार की सतत निगरानी रखने तथा पैथोलॉजी प्रयोगशाला में खराब यूपीएस को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर संसाधनों की कमी होने पर उनकी मांग शीघ्र भेजी जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी किया निरीक्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-kamal-bhambri-appointed-youth-chief/
इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न जांच सुविधाओं और अभिलेखों की समीक्षा करते हुए परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने तथा बाउंड्री वॉल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनिल कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आशुतोष श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाकर आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
