ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप श्रमिकों के हितों एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने मंगलवार को जेबीजे टेक्नोलॉजी लिमिटेड, उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-3, ग्रेटर नोएडा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी में तैयार किए जा रहे ऑटोमोबाइल पार्ट्स का निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया को विस्तार से समझा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीट बेल्ट निर्माण में लगे श्रमिकों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा में सीट बेल्ट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और यह हजारों लोगों की जान बचाने में सहायक है। उन्होंने उत्पादन की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा तकनीकी प्रक्रियाओं की गहन जानकारी ली।
श्रमिकों से संवाद और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
जिलाधिकारी ने कंपनी में कार्यरत श्रमिकों, विशेषकर असेंबली लाइन में कार्य कर रही महिला श्रमिकों से संवाद किया और मेडिकल कैंप में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की भी सलाह दी।
नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का निरीक्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कंपनी परिसर में जिला प्रशासन, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन एवं यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। शिविर में उपलब्ध ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, नेत्र एवं दंत जांच जैसी सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने चिकित्सा टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रमिकों ने कार्यस्थल पर ही निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि सूक्ष्म कार्यों के कारण श्रमिकों की आंखों पर प्रभाव पड़ता है, जिस पर जिलाधिकारी ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुरक्षा उपाय अपनाने की आवश्यकता बताई।
श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। प्रशासन उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, सहायक उपाध्यक्ष तथा कंपनी के प्रतिनिधि देवेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
