गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। बड़ी संख्या में लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से गरीब, पीड़ित, दिव्यांग, बुजुर्ग और बेसहारा लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लोगों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा।
जनसुनवाई में शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए। प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को राहत दिलाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गरीब, दिव्यांग और बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हो। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित और पारदर्शी तरीके से राहत पहुंचाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी नगर, नगर मजिस्ट्रेट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
