नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार)। नगीना तहसील के हरेवाली मार्ग स्थित धर्मूवाला गांव की होनहार एथलीट दिव्या पाल ने बरेली में आयोजित छठी उत्तर प्रदेश राज्य अंडर-23 एवं ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में पांच किलोमीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपने माता-पिता, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। दिव्या की इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। बरेली से स्वर्ण पदक जीतकर लौट रही दिव्या के स्वागत के लिए परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पांच किलोमीटर दौड़ में जीता स्वर्ण पदक
बरेली स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में दिव्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़कर पांच किलोमीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। ग्रामीण अंचल से निकलकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने वाली दिव्या की उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनी है।
माता-पिता और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
स्वर्ण पदक जीतने के बाद दिव्या पाल ने अपनी सफलता का श्रेय पिता अशोक कुमार, माता माला देवी, कोच और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के त्याग, आशीर्वाद और निरंतर प्रोत्साहन ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य की ओर बढ़ने का हौसला दिया।
ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए बनीं प्रेरणा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
दिव्या की सफलता ने यह संदेश दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के दम पर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी कामयाबी पर धर्मूवाला सहित पूरी नगीना तहसील और बिजनौर जिले में हर्ष का माहौल है।
