हापुड़ (शिखर समाचार) जिले की सड़कों पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए कार सवार युवकों के खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में युवक चलती कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर हुड़दंग मचाते और जानलेवा करतब करते नजर आ रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की पहचान कर कुल 31 हजार रुपये का चालान काट दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनदहाड़े दो कारों में सवार युवकों ने सार्वजनिक सड़क पर चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट किए और इसकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दी। वीडियो के वायरल होते ही यह मामला पुलिस संज्ञान में आ गया। जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने दोनों कारों की पहचान कर ली और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की।
ट्रैफिक निरीक्षक छविराम ने बताया कि स्टंट करने वाले दोनों वाहनों पर कुल 31 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की लापरवाही न केवल स्टंट करने वालों के लिए, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, सड़क को मनोरंजन का मंच न बनाएं और अपनी तथा दूसरों की जान जोखिम में न डालें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
