बिजनौर (शिखर समाचार)। राजपूत क्षत्रिय कल्याण ट्रस्ट, बिजनौर की नई कार्यकारिणी का आगामी तीन वर्षों के लिए सर्वसम्मति से गठन किया गया। चक्कर रोड स्थित ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान के कार्यालय पर आयोजित बैठक में वीरेंद्र बालियान को अध्यक्ष, नवदीप ठाकुर को सचिव और देवेंद्र सिंह चौहान को पुनः कोषाध्यक्ष चुना गया। बैठक निवर्तमान अध्यक्ष धर्मवंश हरि एडवोकेट और ट्रस्ट के संस्थापक वरिष्ठ सदस्यों के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
वीरेंद्र बालियान बने अध्यक्ष, नवदीप ठाकुर को सचिव की जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी में महेंद्र सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गौरव चौहान को कनिष्ठ उपाध्यक्ष तथा सुनील चौहान को उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। रामवीर सिंह और देवेंद्र पाल सिंह एडवोकेट को मीडिया प्रभारी बनाया गया। वहीं, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य दिनेश सिंह, संदीप कुमार, हरेंद्र सिंह सेदा एडवोकेट और नगरपालिका सदस्य राजवीर सिंह को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
क्षत्रिय भवन निर्माण का संकल्प, सदस्यों ने की आर्थिक सहयोग की घोषणा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बैठक में मंडावर रोड स्थित जीतमल डेयरी के पीछे पुरानी कार्यकारिणी द्वारा खरीदे गए भूखंड पर भव्य क्षत्रिय भवन का निर्माण कराने का संकल्प लिया गया। निर्माण कार्य को गति देने के लिए धर्मवंश हरि एडवोकेट ने एक लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। इसके बाद देवेंद्र सिंह चौहान और ट्रस्ट के सदस्य अनुभव चौहान ने भी ग्यारह-ग्यारह हजार रुपये नकद सहयोग राशि प्रदान की।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि बड़ी धनराशि देने वाले दानदाताओं के योगदान को उनके प्रियजनों की स्मृति में भवन में बनाए जाने वाले कमरों की निर्माण लागत में समायोजित किया जाएगा। इस योजना के तहत धर्मवंश हरि एडवोकेट और देवेंद्र सिंह चौहान ने अपने-अपने प्रियजनों की स्मृति में एक-एक कमरे का निर्माण कराने की घोषणा की। ट्रस्ट के सदस्यों ने आपसी सहयोग से भवन निर्माण को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
