——–जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश,
ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मेघा रूपम ने की। इस दौरान तीनों तहसीलों में कुल 171 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए सौंपा गया।
तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मेघा रूपम ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल 17 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से पांच का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर मौके पर जाकर जांच करें और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
आईजीआरएस पोर्टल पर सख्ती, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जनता की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को केवल औपचारिकता के तौर पर निपटाया न जाए, बल्कि वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी मंशा धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई दे और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
तीनों तहसीलों में अधिकारियों की मौजूदगी, 82 शिकायतें दादरी में दर्ज
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, एसीपी ग्रेटर नोएडा-III डॉ. रवि शंकर मिश्र, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार सदर अजय कुमार, नायब तहसीलदार सदर ज्योत्सना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
उधर, तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 82 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से छह शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
