हापुड़ (शिखर समाचार)। विकास भवन सभागार में जनपद के 19 अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अनुदेशकों का मानदेय 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये किए जाने पर अनुदेशकों में उत्साह देखा गया।
मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन से जुड़ा कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान 17 मई 2026 को शाम 4 बजे मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रदेशभर के अनुदेशकों को संबोधित किया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। इसी क्रम में सभी जनपद मुख्यालयों पर सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
बताया गया कि अंशकालिक अनुदेशकों की नियुक्ति उच्च प्राथमिक विद्यालयों में की गई है, जहां न्यूनतम 100 छात्र संख्या है। इन अनुदेशकों को कला विषय, कृषि, गृह विज्ञान तथा शारीरिक शिक्षा के अध्यापन के लिए नियुक्त किया गया है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में सम्मान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिलाधिकारी कविता मीणा, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सांसद प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।
मानदेय बढ़कर 17 हजार रुपये होने पर अनुदेशकों में खुशी का माहौल देखा गया। कार्यक्रम का संचालन अंजू आजाद और संजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक मनप्रीत खेरा सहित कई अंशकालिक अनुदेशक मौजूद रहे और सभी ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया।
