नोएडा (शिखर समाचार)
जनगणना-2027 का कार्य पूरे प्रदेश में शुरू हो चुका है। जनगणना की तैयारियों के तहत नोएडा प्राधिकरण द्वारा 2300 प्रगणकों और 335 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया था। हालांकि जनगणना कार्य शुरू होने से ठीक पहले निजी स्कूलों द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर किए जाने के बाद निजी विद्यालयों के शिक्षकों ने स्वयं को जनगणना कार्य से अलग कर लिया। इसके चलते लगभग 800 कर्मियों की कमी उत्पन्न हो गई।
कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए प्रशासन सक्रिय
कर्मचारियों की कमी को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने अपने विभिन्न विभागों के महाप्रबंधकों, वरिष्ठ प्रबंधकों और अन्य अधिकारियों को जनगणना कार्य में लगाया। इसी क्रम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने स्वयं फील्ड में पहुंचकर सेक्टर-120 स्थित अम्रपाली जोडियक सोसाइटी तथा सेक्टर-117 और 119 की विभिन्न सोसाइटियों में चल रहे जनगणना कार्य का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सोसाइटी स्तर पर सहयोग से कार्य में तेजी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों और सोसाइटी प्रबंधन से जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की। सोसाइटी निवासियों ने भी सकारात्मक सहयोग देते हुए अपने स्तर पर कर्मचारियों की व्यवस्था कर प्रगणकों की कमी को पूरा करने में योगदान दिया।
वहीं विशेष कार्याधिकारी (भारसाधन) इंदु प्रकाश सिंह को सेक्टर-75 की विभिन्न सोसाइटियों में भेजकर जनगणना कार्य की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों के अनुसार सोसाइटी निवासियों और प्राधिकरण के संयुक्त प्रयासों से जनगणना कार्य अब गति पकड़ चुका है तथा अगले दो दिनों में कर्मचारियों की कमी को पूरी तरह दूर कर लिया जाएगा।
समयबद्ध जनगणना के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/block-education-officer-rachna-singh-suspend/
नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि जनगणना-2027 को समयबद्ध और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।
