ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को बिसरख के डूब क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलाया। इस दौरान करीब 25 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अवैध कॉलोनी काटने और डूब क्षेत्र में निर्माण करने वालों पर सख्ती दिखाई गई। कालोनाइजरों द्वारा बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी, जिसे ध्वस्त कर दिया गया।
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से सत्यापन अवश्य कर लें, ताकि ठगी से बचा जा सके।
खसरा संख्या 333 और 334 पर कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्रवाई के दौरान वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और उनकी टीम मौजूद रही। टीम ने खसरा संख्या 333 और 334 की जमीन पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।
प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी तिलपता, रोजा याकूबपुर, खेड़ा चौगानपुर और चिपियाना बुजुर्ग क्षेत्रों में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया जा चुका है।
