बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)।
बुढ़ाना पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाजारों में नकली नोट खपाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के कुल एक लाख रुपये के नकली नोट, एक कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह बेंगलुरु से फर्जी नाम-पते पर कूरियर के माध्यम से नकली नोट मंगाकर उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न बाजारों में चलाता था।
नकली नोटों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खतौली की ओर से आ रही एक वैगनआर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। घेराबंदी कर पुलिस ने कार सवार जीशान निवासी जौला तथा सालिम और माजिद निवासी कैली, थाना दौराला, जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
बेंगलुरु से कूरियर के जरिए मंगाते थे नकली नोट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मवाना निवासी साहिल और शाहनवाज के माध्यम से 40 हजार रुपये देकर एक लाख रुपये के नकली नोट प्राप्त करते थे और उन्हें बाजार में खपाते थे। जांच में यह भी सामने आया कि बेंगलुरु निवासी माइकल फर्नाडीज से कूरियर के जरिए नकली नोट मंगाए जाते थे।
भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन किया जाता था, जबकि कुछ राशि नकद दी जाती थी। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
