हापुड़ (शिखर समाचार)।
हापुड़ निवासी कबड्डी खिलाड़ी भानु प्रताप तोमर ने एशियन गेम्स में रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। भारतीय टीम में रेडर के रूप में चयनित होने पर सोमवार को डीएम कविता मीना ने उन्हें सम्मानित किया।
राष्ट्रीय स्तर से भारतीय टीम तक का सफर
जिला क्रीड़ा अधिकारी अरुणा ने बताया कि भानु प्रताप ने आंध्र प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया था। हालांकि उनकी टीम क्वार्टर फाइनल में हार गई थी, लेकिन उनके शानदार प्रदर्शन, तकनीक और खेल कौशल से प्रभावित होकर चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टीम के कैंप के लिए चुना।
इसके बाद गांधीनगर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) केंद्र में एक माह का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। अंतिम चयन ट्रायल में भानु प्रताप ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में रेडर के रूप में अपनी जगह पक्की की।
एशियन गेम्स में दिलाया रजत पदक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए भानु प्रताप ने एशियन गेम्स में भारत के लिए रजत पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
डीएम कविता मीना ने उनकी उपलब्धि को जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में स्वर्ण पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भानु प्रताप जैसे खिलाड़ी प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
