हापुड़ (शिखर समाचार)
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मेवाड़ के महान दानवीर भामाशाह की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला प्रशासन तथा विभिन्न व्यापारी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में व्यापार जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 5 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक का वार्षिक कारोबार करने वाले व्यापारियों को मुख्य अतिथि एवं जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
भामाशाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और गोष्ठी का आयोजन
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भामाशाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके जीवन को आज भी प्रेरणास्रोत बताया। सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया।
वक्ताओं ने कहा कि 16वीं शताब्दी में मेवाड़ के संकट के समय भामाशाह ने महाराणा प्रताप को अपना समस्त धन समर्पित कर स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके इसी अतुलनीय त्याग के कारण उन्हें ‘दानवीर भामाशाह’ और ‘मेवाड़ का रक्षक’ के रूप में स्मरण किया जाता है।
जिलाधिकारी ने दिया प्रेरणादायक संदेश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी कविता मीना ने अपने संबोधन में कहा कि भामाशाह का जीवन निस्वार्थ सेवा, परोपकार और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, व्यापार मंडल एवं उद्योग मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
