हरिद्वार (शिखर समाचार)। भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के सिकन्दरपुर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर 40 रुपये का पेट्रोल भरवाकर कर्मचारी से 9,500 रुपये लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में बचे 3,000 रुपये, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया गया है।
पेट्रोल भरवाने के बाद कर्मचारी से लूटे 9,500 रुपये
जानकारी के अनुसार बीती रात दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और 40 रुपये का पेट्रोल भरवाकर कर्मचारी को 200 रुपये का नोट दिया। कर्मचारी द्वारा 160 रुपये वापस लौटाए जाने के दौरान आरोपियों ने उसके हाथ में रखे 9,500 रुपये लूट लिए। कर्मचारी ने उनका पीछा करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। मामले में भगवानपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच शुरू की।
चेकिंग के दौरान दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
देर रात सिकन्दरपुर-सिरचन्दी मार्ग पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने पेट्रोल पंप पर लूट की घटना स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंश उर्फ कृष पुत्र अशोक उर्फ नारायण निवासी बहेड़ी गुर्जर, थाना गागलहेड़ी, सहारनपुर और अमित उर्फ प्रिन्स पुत्र नाथीराम निवासी साधारणसिर, थाना नागल, सहारनपुर के रूप में हुई। दोनों की उम्र क्रमशः 19 और 20 वर्ष है। मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
