देहरादून (शिखर समाचार)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में अमित शाह दोपहर 12 बजे परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम क्षेत्र को विभिन्न जोन और सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती की है।
अमित शाह के दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय
जौलीग्रांट हवाई अड्डे, परेड ग्राउंड स्थित अस्थायी हेलीपैड और रिजर्व पुलिस लाइन में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की अलग-अलग जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है। इसके साथ ही यातायात, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और आमजन की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखने को कहा है।
इसी क्रम में कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में जोनल और सेक्टर अधिकारियों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के प्रभारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए निर्धारित समय पर अपने-अपने तैनाती स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
परेड ग्राउंड में मंच, एलईडी स्क्रीन और अन्य सुविधाओं के इंतजाम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों से तत्काल अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और कमियों की जानकारी समय रहते उपलब्ध कराने को कहा, ताकि कार्यक्रम से पहले सभी आवश्यक प्रबंध पूरे किए जा सकें।
परेड ग्राउंड में मुख्य मंच, विशिष्ट अतिथि दीर्घाओं, हरित कक्ष, भोजन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर ध्वनि प्रणाली, बड़ी एलईडी स्क्रीन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सफाई, चिकित्सा और अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन का लक्ष्य कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।
