दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 81 नमूनों की जांच में 11 अधोमानक मिले

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Major Action by the Food Safety Department Ahead of Diwali; 11 Substandard Samples Found Among 81 Tested. IMAGE CREDIT TO: सूचना विभाग

हरिद्वार (शिखर समाचार)। दीपावली पर्व पर मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने हरिद्वार में विशेष जांच अभियान चलाया। 5 नवंबर को सचल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मिठाई विक्रेताओं, बेकरियों, डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 81 नमूने जांच के लिए लिए गए, जिनमें 11 नमूने अधोमानक पाए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों से अधोमानक खाद्य सामग्री तत्काल हटवा दी गई।

81 नमूनों की जांच में 11 अधोमानक, दुकानों से हटवाई सामग्री

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

यह अभियान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर चलाया गया। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी तथा उपायुक्त प्रयोगशाला बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ऋषिकुल, गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़ और प्रेमनगर आश्रम क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

जांच अभियान में मिठाई, पनीर, दूध, दही, केक, पेस्ट्री, सॉस, मसाले, तेल, बेसन, दालों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सचल प्रयोगशाला के माध्यम से इनकी गुणवत्ता की तत्काल जांच की गई। अधोमानक पाए गए खाद्य पदार्थों को उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित दुकानों से हटवाया गया।

मिठाई और बेकरी उत्पादों की निर्माण-अवसान तिथि की भी जांच

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने मिठाई और बेकरी प्रतिष्ठानों में उत्पादों पर निर्माण तथा अवसान की तिथि अंकित होने संबंधी नियमों की भी जांच की। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश प्रतिष्ठानों पर मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर दोनों तिथियां नियमानुसार अंकित मिलीं।

संयुक्त टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुड़की नगर निगम योगेंद्र पांडे, कनिष्ठ खाद्य विश्लेषक अनुराग मियां और प्रयोगशाला सहायक गौरव कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।

Share This Article
Leave a comment