धनतेरस-दीपावली पर मेरठ परिक्षेत्र में 5000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
5,000 Police Personnel to Be Deployed Across the Meerut Range to Ensure Security During Dhanteras and Diwali. IMAGE CREDIT TO: पुलिस

मेरठ (शिखर समाचार)। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। परिक्षेत्र के सभी जनपदों में कुल 5000 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने बताया कि बाजारों, सर्राफा प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों, प्रमुख चौराहों, मेलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

5000 पुलिसकर्मियों के साथ 128 संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

सुरक्षा के दृष्टिगत परिक्षेत्र में 128 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए 24 जोन, 81 सेक्टर और 64 त्वरित कार्रवाई दल गठित किए गए हैं। पुलिस बल में सात अपर पुलिस अधीक्षक, 26 क्षेत्राधिकारी, 98 निरीक्षक, 902 उपनिरीक्षक, 1335 मुख्य आरक्षी, 1705 आरक्षी तथा 883 होमगार्ड और प्रांतीय रक्षक दल के जवान शामिल हैं।

त्योहारों के दौरान परिक्षेत्र में नौ मेले भी आयोजित होंगे। इनमें मेरठ में एक, बुलंदशहर में पांच और बागपत में तीन मेले प्रस्तावित हैं। पुलिस ने आयोजकों, संचालकों, शांति समितियों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ 123 बैठकें तथा नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत सहित अन्य विभागों के साथ 105 समन्वय बैठकें आयोजित की हैं।

बाजारों में पैदल गश्त, महिला सुरक्षा और यातायात पर विशेष जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पुलिस उपमहानिरीक्षक ने अधिकारियों को प्रमुख बाजारों और सर्राफा प्रतिष्ठानों में पैदल गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच करने तथा चोरी, झपटमारी और टप्पेबाजी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन और पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ मिशन शक्ति और एंटी रोमियो दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त यूपी-112 के वाहन, थाना मोबाइल और राजमार्ग मोबाइल संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे। पटाखों की दुकानों पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने के साथ अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत और नगर निगम विभागों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों को अफवाह फैलाने वाली और भड़काऊ सामग्री पर सामाजिक माध्यमों के जरिए नजर रखने तथा दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने तथा आमजन के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि सभी त्योहार शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सकें।

Share This Article
Leave a comment