सूर्यवीर हूजा के गीतों पर झूमे विद्यार्थी, विवेक जोशी और खुशी अरोड़ा बने मिस्टर-मिस आईएमएस

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Students Groove to Suryaveer Hooja’s Songs; Vivek Joshi and Khushi Arora Crowned Mr. and Ms. IMS. IMAGE CREDIT TO: इंस्टीट्यूट

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। आईएमएस गाजियाबाद में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में मेगा फ्रेशर-2026 का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और मनोरंजक गतिविधियों से सजी इस यादगार शाम में सुप्रसिद्ध गायक सूर्यवीर हूजा की शानदार प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। उनके लोकप्रिय गीतों पर छात्र-छात्राएं जमकर झूमे और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।

सूर्यवीर हूजा की गायकी पर झूमे विद्यार्थी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

सूर्यवीर हूजा ने अपनी मधुर आवाज में ‘एक अजनबी हसीना से’, ‘मेरे रंग में रंगने वाली’ और ‘तेरे बिना जिया जाए ना’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का मन मोह लिया। इस दौरान बीबीए के छात्र शिव तिवारी और बीसीए की छात्रा रिद्धि श्रीवास्तव ने भी उनके साथ गीत गाए। कार्यक्रम का शुभारंभ आईएमएस गाजियाबाद ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के जनरल सेक्रेटरी सीए (डॉ.) राकेश छारिया, कार्यकारी परिषद के सदस्य सीए विदुर छारिया और संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) जसकिरण कौर ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।

राकेश छारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल शैक्षणिक ज्ञान प्राप्त करने का समय नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने और संस्थान की सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। निदेशक जसकिरण कौर ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराता है। उन्होंने शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रांतों से आए नए छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। इस दौरान समूह नृत्य, एकल नृत्य, बैंड प्रस्तुति और गायन सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न विभागों में मिस्टर और मिस फ्रेशर का चयन भी किया गया। स्कूल ऑफ बायोसाइंस से एमएससी बायोटेक्नोलॉजी के आयुष और निशि, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी से आदर्श और अनुष्का, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी से आकर्ष दीक्षित और माहि सक्सेना को संबंधित विभागों के खिताब प्रदान किए गए। स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन से कृतार्थ मिश्रा और नैना राजपूत तथा स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस से सूर्यांश शर्मा और मान्या अग्रवाल को भी विभागीय खिताब से सम्मानित किया गया।

विवेक जोशी बने मिस्टर आईएमएस, खुशी अरोड़ा ने जीता मिस आईएमएस का खिताब

ALSO READ:

इसके बाद प्रतिष्ठित मिस्टर आईएमएस और मिस आईएमएस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, प्रतिभा प्रदर्शन और सवाल-जवाब के विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया। निर्णायक मंडल ने बीबीए के छात्र विवेक जोशी को मिस्टर आईएमएस और स्कूल ऑफ बायोसाइंस की छात्रा खुशी अरोड़ा को मिस आईएमएस चुना। संस्थान की निदेशक जसकिरण कौर ने विजेताओं को खिताब और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित डीजे नाइट में विद्यार्थियों ने संगीत की धुनों पर जमकर नृत्य किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संध्या शर्मा, डॉ. ध्रुव शर्मा, नेहा अंटल और सूर्य सक्सेना ने किया। इस अवसर पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. कुमार सौरव, स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार निगम, स्कूल ऑफ आईटी के विभागाध्यक्ष डॉ. गगन वार्ष्णेय, स्कूल ऑफ बायोसाइंस के विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज राय सहित संस्थान के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment