सहारनपुर (शिखर समाचार)। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए सपा को भाजपा की ‘बी’ टीम बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और युवाओं से एकजुट होकर बहन कुमारी मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया। साथ ही नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी नरेश सैनी को समर्थन देने की अपील की।
आकाश आनंद ने भाजपा और सपा पर साधा निशाना, रोजगार और शिक्षा के मुद्दे उठाए
आकाश आनंद नकुड़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा सरकार पर शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने हत्या, महिला अपराध और संगठित अपराध की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार एनकाउंटर वाली सरकार होने का दावा करती है, लेकिन प्रदेश में कानून व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पर विचार करने की जरूरत है। उनके अनुसार, मायावती के शासनकाल में कानून का राज था और महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस करती थीं।
शिक्षा और बेरोजगारी के मुद्दे पर आकाश आनंद ने दावा किया कि प्रदेश में 25 हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं, डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों की भर्ती लंबित है और करीब दो करोड़ युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को मुफ्त राशन के बजाय रोजगार की जरूरत है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के बच्चों को इसकी शिक्षा देने तथा इससे प्रभावित होने वाली नौकरियों के स्थान पर नए रोजगार पैदा करने के लिए सरकार की क्या तैयारी है।
बसपा शासनकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने सरकारी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रावासों में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण, भूमिहीन परिवारों को तीन-तीन एकड़ जमीन के पट्टे और विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियां कराने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार ने कृषि मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई और किसानों के गन्ने के दाम में भी वृद्धि की थी। आकाश आनंद ने सैनी, गुर्जर, जाट सहित सभी समाज के लोगों से बसपा से जुड़ने की अपील करते हुए ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति का उल्लेख किया।
नरेश सैनी को नकुड़ से प्रत्याशी घोषित किया, मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/\
सम्मेलन में नरेश सैनी को नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी घोषित किया गया। इस दौरान आकाश आनंद को सोने का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने नरेश सैनी को विजयी बनाने और मायावती के हाथ मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद बाबू मुनकाद अली, रणधीर सिंह बेनीवाल, मेघराज सिंह जरूआरे, जनेश्वर प्रसाद, जगपाल सिंह, प्रताप सिंह, मास्टर रिशिपाल, नरेंद्र कुमार, रामकुमार शिंदे, राजकुमार जवालिया, डॉक्टर दारा सिंह, सरफराज राईन, आसिफ अली, अनिल कुमार, पप्पू, रोहित सिंह राणा, फिरोज, आफताब, मेहरबान प्रमुख, कुलदीप सिंह बालियान, स्वराज सिंह, पार्षद राजकुमार जायसवाल, दयाराम लंबा, अनिल दरिया और विजेंद्र कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
