ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को सुथ्याना में अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर करीब 9500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। प्राधिकरण के अनुसार, इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 19 करोड़ रुपये है। कालोनाइजर यहां अवैध निर्माण कर आवासीय कॉलोनी बसाने और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे।
सुथ्याना में 19 करोड़ की जमीन से हटाया अवैध कब्जा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि सुथ्याना के खसरा संख्या 798, 810, 815, 816 और 817 की लगभग 9500 वर्ग मीटर अधिग्रहित एवं कब्जा प्राप्त जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर प्राधिकरण के परियोजना विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया और जमीन को कब्जे से मुक्त करा लिया।
कार्रवाई परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम के नेतृत्व में की गई। अभियान में प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और कार्य वृत्त चार की पूरी टीम शामिल रही। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण या कब्जा करने की अनुमति नहीं है। ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से सत्यापन कराने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसकी स्थिति और वैधता की पूरी जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
