जेवर (शिखर समाचार)। नगर पंचायत अध्यक्ष पहलवान नारायण माहेश्वरी के फार्म हाउस पर भीम दल अखाड़े के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी एक भव्य दंगल का आयोजन किया गया। इसमें देश-विदेश से आए दर्जनों नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेच का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए हजारों की संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
दिनेश हुलिया ने अभिनायक पहलवान को हराकर जीती मुख्य कुश्ती
दंगल की सबसे बड़ी और आखिरी कुश्ती हिंद केसरी हरियाणा के दिनेश हुलिया और यूपी केसरी अभिनायक पहलवान के बीच हुई। रोमांचक मुकाबले में दिनेश हुलिया ने अभिनायक पहलवान को हराकर प्रथम स्थान अपने नाम किया। विजेता पहलवान को नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा 1,11,000 रुपये नकद, एक सोनाली ट्रैक्टर और रेशमी साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।
देवा थापा ने जीती दूसरी कुश्ती, पहलवानों को किया सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/\
वहीं, नेपाल के पहलवान देवा थापा और हरियाणा केसरी सोनू पहलवान के बीच हुई दूसरी रोमांचक कुश्ती में देवा थापा ने जीत हासिल की। उन्हें 2,51,000 रुपये, एक चमकती ट्रॉफी और रेशमी साफा देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा भारत केसरी पहलवान रामेश्वर और शिवा पहलवान के बीच हुई तीसरी कुश्ती बराबरी पर छूटी। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के पवन खटाना, जिला पंचायत सदस्य योगेश चौधरी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
