हरिद्वार (शिखर समाचार)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए 29 अलग-अलग कार्यों के तहत नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। इस संबंध में आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, 29 कार्यों के लिए अधिकारियों की नियुक्ति
भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड, देहरादून के दिशा-निर्देशों के क्रम में की गई इन नियुक्तियों के तहत मतदान एवं मतगणना कार्मिकों की व्यवस्था, प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं, सेक्टर व्यवस्था, ईवीएम और वीवीपैट प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र को मतदान एवं मतगणना कार्मिक व्यवस्था तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम (स्वीप) का नोडल अधिकारी बनाया गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता को मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं तथा परिवहन व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सचिव हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण प्रत्युष सिंह सेक्टर व्यवस्था के नोडल अधिकारी होंगे, जबकि अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग दिनेश कुमार को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है।
ईवीएम, वीवीपैट प्रशिक्षण से लेकर शिकायत निस्तारण तक की जिम्मेदारी तय
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए जिला कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अमरेंद्र चौधरी तथा जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण और मतदान स्थलों पर प्रदर्शन की जिम्मेदारी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हरिद्वार के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पांडेय को दी गई है। वहीं, सामान्य मतपत्र, डाक मतपत्र और ईटीपीबीएस व्यवस्था के लिए रिटर्निंग अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्वाचन संबंधी शिकायतों के निस्तारण, नियंत्रण कक्ष और हेल्पलाइन की जिम्मेदारी जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत तथा सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा को दी गई है। मीडिया एवं सूचना व्यवस्था के लिए जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। आईटी एप्लीकेशन, एनकोर और सी-विजिल की जिम्मेदारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी यशपाल सिंह को सौंपी गई है। निर्वाचन व्यय की निगरानी के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आचार संहिता, कानून व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी अधिकारी नामित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
इसके अलावा आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की जिम्मेदारी नगर आयुक्त नंदन कुमार को दी गई है। विधि एवं व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और सुरक्षा योजना के लिए अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधाओं, मतदान कार्मिकों के कल्याण, मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति, वीडियोग्राफी, जीपीएस ट्रैकिंग, पेयजल, सफाई, प्रकाश, परिवहन, खानपान और अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। माइक्रो ऑब्जर्वर व्यवस्था के लिए लीड बैंक अधिकारी बीएल गुप्ता को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें और कार्यों की प्रगति से जिला निर्वाचन अधिकारी को नियमित रूप से अवगत कराते रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
