हरिद्वार (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार जनपद में 21 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 17 अक्टूबर को आदेश जारी कर अभियान के प्रभावी संचालन, निगरानी और समन्वय के लिए 35 क्षेत्रों, संस्थाओं और विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए हैं। अभियान में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ गंगा घाटों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह अभियान उत्तराखंड उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन के क्रम में भी संचालित किया जा रहा है।
अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, संत समाज, शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों, राजनीतिक दलों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा जाएगा। नगर निगम हरिद्वार और रुड़की, नगर पालिकाओं तथा नगर पंचायतों को शहरी क्षेत्रों की सफाई की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान संचालित कराएंगे।
इसके अतिरिक्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, औद्योगिक परिसरों, सिडकुल, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, पार्किंग स्थलों, नहरों, तालाबों, पेयजल संसाधनों, मंडियों, गौशालाओं और गन्ना तौल केंद्रों सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई कराई जाएगी। वन क्षेत्रों, राजाजी राष्ट्रीय उद्यान, मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे के आसपास भी स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन सफाई अभियान की जानकारी जीपीएस लोकेशन के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें स्वच्छता नियंत्रण कक्ष के व्हाट्सएप समूह में साझा करनी होंगी। इसके लिए मोबाइल नंबर 8273371714 निर्धारित किया गया है।
हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर विशेष सफाई
विजयदशमी के अवसर पर नगर निगम ने नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। घाटों, सार्वजनिक स्थलों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले क्षेत्रों की सफाई की गई। स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अभियान में सहयोग दिया। नगर निगम ने नागरिकों और सामाजिक संगठनों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने तथा गंगा घाटों को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।
